CG News: Bilaspur: बिलासपुर रेलवे स्टेशन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दमोह से आए एक गरीब दंपती का डेढ़ साल का बच्चा प्लेटफार्म नंबर एक से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। यह घटना 29 अक्टूबर की रात की है, जब मिथुन और उसकी पत्नी बिजली प्रधान अपने बच्चे के साथ रेलवे प्लेटफार्म पर सो रहे थे।
रात के वक्त एक अज्ञात महिला ने बच्चे को गोद में उठाया और ट्रेन में सवार होकर वहां से चली गई। सुबह जब माता-पिता की नींद खुली तो उनका बच्चा गायब था।

थानों के चक्कर लगाते रहे माता-पिता
बच्चे के गायब होने के बाद दंपती ने GRP से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। तीन दिन तक वे थानों के चक्कर लगाते रहे, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।

शुक्रवार को जब दंपती दोबारा स्टेशन पहुंचे और हंगामे की स्थिति बनी, तब जीआरपी ने आखिरकार सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में एक महिला बच्चे को लेकर जाती हुई दिखाई दी।
इसके बाद गुम इंसान की रिपोर्ट से मामला अपहरण में बदला गया। फिलहाल बच्चे की फोटो न होने से पहचान में दिक्कत आ रही है।
