Mungeli Chori Mamla: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के छुईहा गांव में 15 मई 2025 की रात एक युवक ने अपने पड़ोसी के घर में घुसकर 8 सोने के लॉकेट और नगदी रुपए चुरा लिए। घटना के करीब 5 महीने बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से करीब 50,000 रुपए के 8 सोने के लॉकेट बरामद किए गए हैं।
यह घटना फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के छुईहा गांव में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, कुल 63 हजार की चोरी हुई थी। चोरी करने वाला आरोपी पड़ोस का ही रहने वाला था। घर घुसकर उसने अलमारी का लॉकर तोड़ा था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
कुल 63 हजार की चोरी हुई थी
पीड़ित फुलचंद गेंदले ने 18 मई 2025 को फास्टरपुर-सेतगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 मई 2025 की रात करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे।
अगली सुबह 16 मई को करीब 6 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर रखी लकड़ी की अलमारी का लॉकर खुला हुआ था और सामान गायब था।
जांच करने पर पता चला कि अलमारी से 8 नग सोने के लॉकेट (वजन 11 मासा), 2 सेट सोने के टॉप्स (वजन 2 मासा), एक टेक्नो पावर 2 मोबाइल और 10,000 रुपए नगद चोरी हुए थे।
चोरी हुए कुल सामान की कीमत लगभग 63,000 रुपए आंकी गई थी। अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 20/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घर घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़े थे चोर
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। 23 अक्टूबर 2025 को छुईहा निवासी संदेही गंगाराम दिवाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गहन पूछताछ में गंगाराम ने 15-16 मई 2025 की रात अपने पड़ोसी फुलचंद के घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ने और 8 सोने के लॉकेट, 8,000 रुपये नगद तथा एक टेक्नो कंपनी का मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार कर भेजा जेल
आरोपी ने बताया कि उसने नगदी रकम खर्च कर दी थी और मोबाइल तोड़कर गांव के तालाब में फेंक दिया था। सोने के लॉकेट उसने अपने घर में छिपा रखे थे।
आरोपी गंगाराम दिवाकर (24 साल) की निशानदेही पर उसके घर से 8 सोने के लॉकेट बरामद किए गए। पुलिस ने 23 अक्टूबर 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
