CG Breaking: पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से 2 कैदी फरार, तलाश में जुटी कई टीमें, एक महीने के भीतर दूसरी घटना

CG Breaking: Ambikapur jail: अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड से दो विचाराधीन बंदी फरार होने की घटना के बाद हड़कंप मच गया। यह घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। फरार होने वाले दोनों कैदी गंभीर मामलों में आरोपित थे, एक पॉक्सो (POCSO) एक्ट तो दूसरा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में जेल में बंद था।

जानकारी के अनुसार, फरार बंदियों में पॉक्सो मामले में विचाराधीन लखनपुर के आंधला का रहने वाला रितेश सारथी, जबकि दूसरा आरोपी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल बंद झिलमिली के जमडी का रहने वाला पवन पाटिल शामिल है। दोनों को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था।

सेंट्रल जेल अधीक्षक अक्षय राजपूत ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जेल वार्ड में कुल चार बंदी भर्ती थे और वहां सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड भी तैनात थे। बावजूद इसके दो बंदियों का भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों बंदी देर रात किसी तरह पुलिस की निगरानी से बचकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। शहर के प्रमुख मार्गों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरी घटना है, जब मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड से कैदी फरार हुए हैं। इससे पहले भी एक विचाराधीन बंदी अस्पताल से भाग निकला था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं जेल प्रशासन और पुलिस की लापरवाही उजागर कर रही हैं। पुलिस ने दोनों फरार कैदियों की तलाश में टीम गठित कर ली है और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *