PM आवास योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : शौचालय को बना दिया आवास, बिना निर्माण निकाली गई पूरी राशि

PM आवास योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा

PM आवास योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। मालखरौदा जनपद पंचायत के घोघरी ग्राम पंचायत में ईदन बी नाम की महिला के नाम पर आवास स्वीकृत तो हुआ, लेकिन निर्माण कार्य हुए बिना ही पूरी राशि निकाल ली गई।

शौचालय को दिखा दिया पूरा मकान

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आवास मित्र और रोजगार सहायक ने सिर्फ एक शौचालय को पूरा मकान दिखाकर सरकारी धन हड़प लिया। इतना ही नहीं, 24 हजार रुपए मजदूरी की राशि भी बिना किसी कार्य के निकाल ली गई।

सक्ती में शौचालय को बना दिया PM आवास
शौचालय को बना दिया PM आवास

रोजगार सहायक बना फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड

मामले में रोजगार सहायक संजय भारद्वाज का नाम सामने आया है, जिसे इस फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, वह पहले भी कई बार निलंबित हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि घोटाला इतनी सफाई से किया गया कि सरपंच और सचिव को भी भनक नहीं लगी।

पति की मौत के बाद बेटे के नाम पर निकली दूसरी राशि

जांच में यह भी सामने आया है कि ईदन बी के पति की मृत्यु के बाद उनके बेटे सलमान के नाम पर भी दूसरा आवास स्वीकृत कर राशि निकाल ली गई। यानी एक ही परिवार के नाम पर दो बार सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *