CG News: छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि वे विद्यार्थियों के आधार कार्ड से संबंधित बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) का कार्य समय पर पूरा करें। विभाग ने भारत सरकार और UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) के सहयोग से चल रहे इस अभियान को 31 अक्टूबर 2025 तक पूरा करने के आदेश दिए हैं।
विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार, 7 से 15 वर्ष के छात्रों का पहला बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह नि:शुल्क होगा। यह सुविधा 1 अक्टूबर 2025 से अगले एक वर्ष तक मान्य रहेगी।

स्कूलों में विशेष शिविर लगेंगे
UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालयों के सहयोग से राज्यभर के स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सभी विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।

इसके साथ ही, 12 अक्टूबर को आयोजित कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की आधार-लिंक्ड APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) बनाने का कार्य भी 31 अक्टूबर 2025 तक पूरा किया जाए।

CHiPS अधिकारियों को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
इस अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर CHiPS (Chhattisgarh Infotech Promotion Society) के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि यह कार्य योजनाबद्ध तरीके से और तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि राज्य में 100 प्रतिशत विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित हो सके।
