CG News: कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिली। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग तत्काल सक्रिय हो गया।![]()
4 छात्राओं को अस्पताल किया गया रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने सभी छात्राओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर कर भर्ती कराया। अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
प्रारंभिक तौर पर मामले को फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बीमार होने का वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सभी छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंचकर भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य है।

