CG Double Murder: दो अलग-अलग घटनाओं से मचा हड़कंप, घर में सो रहे युवक की हत्या, वहीं झाड़ियों में मिली अधजली लाश

CG Double Murder

दंतेवाड़ा/बिलासपुर : CG Double Murder: छत्तीसगढ़ में एक ही दिन दो जिलों से सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं। दंतेवाड़ा में जहां एक युवक की उसके घर में सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई, वहीं बिलासपुर में झाड़ियों में एक महिला की अधजली लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दोनों घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

घर में सो रहे युवक की हत्या

पहली घटना दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र के बहनार गांव की है। यहां रहने वाले राजू कर्मा की रविवार देर रात हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक घर के आंगन में सोया हुआ था, तभी किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।

हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू की।फिलहाल पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी हुई है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

झाड़ियों में मिली अधजली लाश

दूसरी वारदात बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र की है। यहां खूंटाघाट बांध के पास झाड़ियों में एक महिला की अधजली लाश मिली है। लाश साड़ी में लिपटी हुई थी और काफी हद तक जली हुई थी।

स्थानीय लोगों ने बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रतनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या कर शव को जलाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई है।

फिलहाल दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *