Ambikapur Fire: ई-रिक्शा शोरूम में भीषण आग: बैटरी, पार्ट्स और डीजे साउंड सिस्टम जले, लाखों के नुकसान का अनुमान

Ambikapur Fire

Ambikapur Fire: अंबिकापुर शहर के रामानुजगंज रोड स्थित एक ई-रिक्शा शोरूम में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आगजनी में दुकान के अंदर रखी ई-रिक्शा की बैटरियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पार्ट्स, डीजे साउंड सिस्टम और एम्पलीफायर जलकर खाक हो गए। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रहीं।

नेशनल हाईवे किनारे स्थित है एजेंसी

जानकारी के अनुसार अंबिकापुर में नेशनल हाईवे-343 के किनारे रामानुजगंज रोड पर केन गुप्ता एजेंसी संचालित है, जहां मयूरी ई-रिक्शा की बिक्री और निर्माण किया जाता है। इसके साथ ही यहां बड़ी संख्या में डीजे साउंड सिस्टम और एम्पलीफायर भी रखे हुए थे। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दुकान में अचानक आग लग गई, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड की तीन टीमें आग बुझाने में जुटीं

आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन टीमें पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में आग दुकान में रखे साउंड बॉक्स, एम्पलीफायर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान तक फैल गई।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि अंदर सुलग रही आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी रहा।

ई-रिक्शा के पार्ट्स और साउंड सिस्टम को सबसे ज्यादा नुकसान

आगजनी में दुकान में रखे एम्पलीफायर, साउंड सिस्टम और ई-रिक्शा के पार्ट्स को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। एजेंसी संचालकों के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।

सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने रूट किया डायवर्ट

आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने के कारण सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर एडिशनल एसपी अमोलक सिंह सहित पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस ने एहतियातन बड़े वाहनों के लिए कुछ समय के लिए रूट डायवर्ट कर दिया।

शॉर्ट सर्किट या बैटरी फटने से आग की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में कुछ ई-रिक्शा की बैटरियां चार्जिंग में लगी हुई थीं। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या बैटरी फटने से आग लगी होगी। फायर ब्रिगेड की टीम शटर को जेसीबी की मदद से हटाकर अंदर की आग पर काबू पाने में जुटी रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *