बिलासपुर: CG News: स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन आज 13 अक्टूबर को ‘आयुष्मान कार्ड महाअभियान’ चला रहा है। इस एक दिवसीय विशेष अभियान के तहत बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों की शासकीय राशन दुकानों (PDS केंद्रों) में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाए जा रहे हैं।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को 5 लाख रुपए तक की निःशुल्क उपचार सुविधा प्रदान करना है। शिविरों में प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों के लिए अलग-अलग आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
नागरिकों को अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य होगा, ताकि पहचान सत्यापन कर कार्ड तुरंत जारी किया जा सके. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि इस महाअभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने कहा है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वय वंदना कार्ड’
आज शिविर 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वय वंदना कार्ड’ भी बनाए जाएंगे. जिनके आधार कार्ड में न्यूनतम आयु 70 वर्ष अंकित है, वे इस योजना के पात्र होंगे. ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिन्हें पहले से सामान्य आयुष्मान कार्ड जारी किया जा चुका है, उन्हें 70 वर्ष पूर्ण होने पर पुनः केवाईसी कराना आवश्यक होगा, जिससे उन्हें अतिरिक्त लाभ प्राप्त हो सके।
