KTU News: Raipur: कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत कई अहम फैसले लिए गए हैं। विश्वविद्यालय की 63वीं कार्यपरिषद बैठक में ‘चुनौती मूल्यांकन’ प्रणाली लागू करने की स्वीकृति दी गई है। यह व्यवस्था पहले पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रायपुर विश्वविद्यालय) में लागू की गई थी।
जहां रायपुर विश्वविद्यालय ने चुनौती मूल्यांकन शुल्क 2500 रुपये निर्धारित किया था, वहीं पत्रकारिता विश्वविद्यालय ने इसे केवल 1000 रुपये तय किया है। इसके अलावा पुनर्गणना के लिए 50 रुपये शुल्क तय किया गया है।

जनवरी 2026 में होगा षष्ठम दीक्षांत समारोह
कार्यपरिषद ने विश्वविद्यालय के षष्ठम दीक्षांत समारोह को जनवरी 2026 में आयोजित करने की मंजूरी दी। साथ ही गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के समयमान वेतनमान को भी स्वीकृति दी गई है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
छात्रहित में बड़ा कदम
नई व्यवस्था के तहत छात्र पुनर्मूल्यांकन या पुनर्गणना के बाद असंतुष्ट होने पर ‘चुनौती मूल्यांकन’ के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस प्रक्रिया से छात्रों को अपने परिणामों की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय में डिजिटल प्रगति की दिशा में कदम
कार्यपरिषद ने प्रशासनिक कार्यों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए लैपटॉप और कंप्यूटर सिस्टम खरीदने की स्वीकृति भी दी है। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रमों को और अधिक उन्नत व रोजगारमुखी बनाने पर भी जोर दिया गया है।
