Raipur News: रायपुर में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शेखावत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर का जुलूस निकालने का विरोध किया था और कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों तथा रायपुर SSP के घर में घुसने की धमकी दी थी।

धमकीभरे बयान के बाद मौदहापारा थाने में पुरानी बस्ती थाने के पूर्व थाना प्रभारी योगेश कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। कश्यप ने अपनी शिकायत में आपराधिक धमकी, लोक सेवक को धमकाने और सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसी गंभीर बातें दर्ज कराई हैं। इसके आधार पर 15 नवंबर को BNS की धाराओं में FIR की गई है।



FIR दर्ज होने के बाद भी राज शेखावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिर से धमकी भरा बयान जारी किया। वहीं दूसरी ओर, हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर वर्तमान में रायपुर पुलिस की गिरफ्त में है और 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल में है।
इस मामले में गृहमंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ में अपराधी कोई भी हो नहीं छोड़ा जाएगा। चाहे कोई भी हो।

गृहमंत्री का करारा जवाब – छत्तीसगढ़ में गड़बड़ी करने वाले को नहीं छोड़ा जाएगा
करणी सेना के प्रदर्शन और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधु की गिरफ्तारी पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा है कोई भी सामाजिक संस्था अच्छे काम के लिए होती है। किसी अपराधी के पीछे खड़े होने के लिए नहीं।
अपराधी अपराधी है, हर एक अपराधी किसी न किसी संस्था से होता है। समाज से होता है। हर अपराधी के पीछे समाज आकर खड़ा हो जाएगा तो कैसे काम होगा। छत्तीसगढ़ में गड़बड़ी करने वाले को नहीं छोड़ा जाएगा। कठोरता के साथ कार्रवाई होगी।
