Korba News: प्यार की ‘परीक्षा’ में गई जान, लड़की के घर वालों ने दिया जहर, बोला-“अगर सच में प्यार करता है तो पीकर दिखा”

Korba News

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने प्यार को साबित करने के लिए जहर पीकर अपनी जान दे दी। यह मामला लेमरू थाना क्षेत्र के देवपहरी गांव का है।

मृतक का नाम कृष्ण कुमार पंडो (20 वर्ष) है, जो पिछले तीन सालों से अपने पड़ोसी गांव की एक नाबालिग लड़की से प्यार करता था। लड़की के परिजनों को जब इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो उन्होंने 26 सितंबर की रात युवक को अपने घर बुलाया। पहले तो उन्होंने खाना खिलाकर आवभगत की, फिर बातचीत के दौरान प्यार की ‘परीक्षा’ लेने के बहाने एक गिलास में कीटनाशक घोलकर युवक के सामने रख दिया और कहा – “अगर सच में प्यार करता है तो इसे पीकर दिखा।”

युवक कृष्ण कुमार पंडो ने यह कहते हुए जहर पी लिया कि वह उनकी बेटी से बहुत प्यार करता है। जिसके बाद लड़की के ही मां-बाप उसे अस्पताल ले जाने के लिए घर से निकले लेकिन रास्ते में जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो बीच रास्ते में छोड़कर भाग गए।

रात 12 बजे लड़के के परिजनों को किसी ने फोन कर बताया कि उनके बेटे की हालत ठीक नहीं है, वह रास्ते में पड़ा है। जिसके बाद परिजन आए और उसे घर ले गए। युवक रात भर घर में ही था। अगले दिन परिजन सुबह उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। तब से 8 अक्टूबर तक युवक का इलाज चल रहा था। तब तक युवक की हालत और बिगड़ गई थी। उसने बातचीत करना भी बंद कर दिया था। 11 दिन बाद 8 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया।

तबीयत बिगड़ी तो रास्ते में छोड़ा

मृतक युवक की मौसी कस्तूरी कुमारी ने बताया कि वह दुकान जा रही थी, तभी किसी ने बताया कि उनके बेटे की हालत खराब है। तब सभी परिजन उसे लेने गए। उसकी जेब से ‘555’ नामक कीटनाशक की शीशी मिली और उसने सब बातें अपने घर वालों को बताईं।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

कृष्ण कुमार को आनन-फानन में लेमरू के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों के बयान के बाद कार्रवाई

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण ने बताया कि मेडिकल अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। अभी बयान जिला अस्पताल चौकी में दर्ज हुआ है। जांच के लिए संबंधित थाना को डायरी भेजा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *