CG News: Dhamtari: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेलरगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहरदास मानिकपुरी पर एक महिला ने घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, भाजपा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके पद से हटा दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी मनोहरदास मानिकपुरी पानी मांगने के बहाने उसके घर में घुसा, और फिर पीछे से आकर शारीरिक रूप से छेड़छाड़ की। जब महिला ने शोर मचाया, तो आरोपी अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।

बोरई पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस बीच, भाजपा संगठन ने भी सख्त रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने बताया कि पार्टी ने मनोहरदास मानिकपुरी को मंडल अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी महिला सुरक्षा के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति पर काम करती है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई का समर्थन करती है।
