छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025: छत्तीसगढ़ का राज्योत्सव इस बार बेहद खास होने वाला है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष राज्योत्सव का आयोजन तीन की जगह पांच दिनों तक चलेगा। यह भव्य आयोजन 1 नवंबर से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगा। राज्योत्सव का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि समापन समारोह में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे।
विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव इस बार प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और उपलब्धियों को नई ऊंचाई देने वाला होगा। आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और पुरस्कार वितरण के साथ राज्य की विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने जांजगीर में हुई डकैती और एनएसयूआई नेता की संलिप्तता पर कहा कि जांजगीर ही नहीं, बल्कि जहां-जहां अपराध हुए हैं, वहां कांग्रेस की संलिप्तता सामने आई है। एक विधायक का रेत माफिया से वसूली का ऑडियो वायरल हुआ है। एक विधायक बलौदाबाजार आगजनी कांड में सहभागी रहा, जबकि एक विधायक शराब घोटाला मामले में जेल में बंद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अपराध की पटकथा लिख रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के व्यापारी हेमंत चंद्राकर प्रकरण पर किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि उनके शासनकाल में पुलिस अधिकारियों तक को नहीं छोड़ा गया था। फर्जी प्रकरण बनाए गए और वर्किंग कल्चर खत्म हो गया था। वर्तमान विष्णुदेव सरकार में किसी अधिकारी पर जबरन काम का दबाव नहीं डाला जा रहा है। प्रशासन अपना काम कर रहा है और शासन अपना दायित्व निभा रहा है।
