CG Open Exam Results 2025: छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने अगस्त 2025 में आयोजित 10वीं और 12वीं की दूसरी परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार 12वीं में 46.28 प्रतिशत और 10वीं में 30.02 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। वहीं परीक्षा में असफल विद्यार्थियों को एक और अवसर प्रदान किया गया है।
12वीं का परीक्षा परिणाम
राज्य ओपन स्कूल द्वारा 12वीं परीक्षा में कुल 15,036 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 14,269 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 128 आवेदन निरस्त किए गए और 2540 विद्यार्थी आरटीडी के तहत परीक्षा में बैठे। 11 परीक्षार्थियों का परिणाम रोका गया है। इस प्रकार 11,718 विद्यार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, जिनमें 46.28 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
कुल 903 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 2168 ने द्वितीय श्रेणी, और 2247 ने तृतीय श्रेणी से सफलता हासिल की। 106 विद्यार्थी पास श्रेणी में आए। उत्तीर्ण छात्रों में 45.22% बालक और 47.64% बालिकाएं शामिल हैं।

10वीं का परीक्षा परिणाम
10वीं परीक्षा में 19,249 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें 17,834 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 13 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया और 17,821 विद्यार्थियों का परिणाम जारी किया गया। इनमें से 30.02 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए।
कुल 749 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 2008 ने द्वितीय श्रेणी, और 2554 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। उत्तीर्ण बालकों का प्रतिशत 28.35%, जबकि बालिकाओं का 32.67% रहा।
फेल विद्यार्थियों को मिलेगा एक और मौका
दूसरी परीक्षा में असफल विद्यार्थियों को राज्य ओपन स्कूल की ओर से एक और अवसर दिया गया है। वे आगामी अवसर या आरटीडी परीक्षा के लिए 15 अक्टूबर 2025 तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं।
