Gariyaband News: गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में तीज पर्व पर मां के साथ नाना के घर आया 7 साल का मासूम अचानक लापता (Bachcha Lapata Panduka) हो गया है। कल शाम से बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवारजन रो-रोकर बेहाल हैं और अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रायपुर का रहने वाला 7 वर्ष का अर्पित यादव (Arpit Yadav Lapata) अपनी मां के साथ तीज पर्व मनाने नाना के घर पांडुका (Panduka Boy Missing) आया था। 26 अगस्त की शाम खेलते-खेलते वह अचानक घर के गेट से बाहर निकल गया। देर शाम तक बच्चा वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात 8 बजे बच्चे के नाना ने पांडुका थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस की तलाश जारी
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। 27 अगस्त की सुबह गोताखोरों को बुलाकर घर के पास नहर में तलाशी ली गई, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार जांगड़े ने बताया कि पुलिस की कई टीमें मासूम की तलाश में जुटी हैं।
बोल नहीं सकता बच्चा
बताया जा रहा है कि मासूम अर्पित बोल नहीं सकता, जिसकी वजह से खोजबीन और भी मुश्किल हो रही है। फिलहाल पुलिस हर जगह तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
