Dhamtari Triple Murder: धमतरी जिले के मथुराडीह मोड़ स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास सोमवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर ने इलाके को दहला दिया। रायपुर के तीन युवकों की 8 से 10 हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इस हमले में दो युवक किसी तरह जान बचाकर भागे। मृतकों के नाम नितिन तांडी (Nitin Tandi Murder), सुरेश टांडी (Suresh Tandi Murder) जो नहरपारा, रायपुर के रहने वाले हैं और आलोक सिंह (Alok Singh Murder) जो सुमित नगर, रायपुर के बताए जा रहे है।

Dhamtari Triple Murder: अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि आज शाम तक पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

ऐसे हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में ढाबा पहुंचे थे। खाना खाने के बाद पैसे मांगे जाने पर विवाद हुआ और ढाबा में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान रायपुर के पांच युवक वहां पहुंचे। आरोपियों में से एक ने उनसे बीड़ी मांगी, मना करने पर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।

रातभर चली पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक-दो आरोपियों को वहीं दबोच लिया। बाकी आरोपी फरार हो गए, जिन्हें रातभर की तलाश के बाद सुबह तक गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी दिहाड़ी मजदूर हैं और नशे में वारदात को अंजाम दिया।

