Bhatapara News/Balodabazar : बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में शनिवार रात रामलीला मैदान स्थित यश एम्यूजमेंट पार्क (Yash Amusement Park) में बड़ा हादसा टल गया। आकाश झूले (Aakash jhula) पर सवार एक महिला की सेफ्टी बेल्ट ढीली हो गई और वह करीब 30 फीट ऊंचाई से गिरते-गिरते लोहे की रॉड पकड़कर लटक गई।

झूला ऑपरेटरों ने फौरन झूला रोका, वहीं एक युवक ऊपर चढ़कर महिला को सुरक्षित बॉक्स में बैठाया और नीचे उतारा। इस दौरान मेले में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते महिला को बचा लिया गया।
पहले राउंड में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला झूले के पहले राउंड में ही गिरने लगी थी। जैसे ही झूला नीचे आया, सेफ्टी बेल्ट खुल गई और वह बाहर निकलकर लटक गई।

सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। भाटापारा DSP तारेश साहू ने कहा कि ऐसे पार्कों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
