Raipur News: गरीबों को छत देने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) में गंभीर धांधली का मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर के कचना में आबंटित कई PM आवास को लाभार्थियों ने नियमों को दरकिनार करते हुए किराये पर चढ़ा दिया है। इससे योजना का असली मकसद प्रभावित हो रहा है और गरीब परिवार अब भी आवास के लिए भटक रहे हैं।

किराये का धंधा बना रायपुर का PM आवास (Raipur PM Awas Yojana scam)
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ रसूखदार लोगों ने PM आवास योजना के मकानों को मोटे किराये पर चढ़ाकर इसे कमाई का साधन बना लिया है। इससे असली जरूरतमंदों को उनका हक नहीं मिल पा रहा।

नियमों का उल्लंघन
आवास योजना के नियम स्पष्ट कहते हैं कि आवंटित मकान न तो बेचा जा सकता है। न ही किसी को किराये पर दिया जा सकता है। इसके बावजूद कालोनी वासियों के सर्वे में खुलासा हुआ कि बड़ी संख्या में लोग अपने मकानों को किराये पर दे चुके हैं।

सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किरायेदारों की जानकारी न तो पुलिस थाने में दी जाती है और न ही प्रशासन को। इससे सुरक्षा को लेकर भी खतरा बढ़ गया है, क्योंकि यह पता नहीं चलता कि मकान में कौन रह रहा है।

कचना कालोनीवासियों में नाराजगी (Kachna PM Awas Yojana scam Raipur)
इस धांधली से कचना कालोनीवासी काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि मकान मालिकों को सिर्फ किराया चाहिए, बाकी किसी की चिंता नहीं।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकार महतारी वंदन योजना का सर्वे कर जांच कर रही है, तो फिर गरीबों का हक छीनने वाले इन रसूखदारों की जांच क्यों नहीं की जा रही?



