Raipur News: नवा रायपुर में 400 एकड़ में बनेगी विश्वस्तरीय ‘मेडिसिटी’, 5 हजार बेड की सुविधा, पढ़िए पूरी खबर

Raipur News: नवा रायपुर अटल नगर में जल्द ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस ‘मेडिसिटी’ विकसित की जाएगी। नवा रायपुर (Nava Raipur Medisity) अटल नगर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए सेक्टर-37 में 400 एकड़ भूमि चिन्हित कर ली है। इस मेगा परियोजना में लगभग 5,000 बिस्तरों की क्षमता वाली स्वास्थ्य सेवाएं निजी निवेश और वाणिज्यिक मॉडल के तहत तैयार होंगी। कई बड़े अस्पताल (Nava Raipur Hospital) और चिकित्सा संस्थान इसमें निवेश में रुचि जता चुके हैं।

 

 

अधिकारियों के मुताबिक, इस मेडिसिटी में मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, छात्रावास, डायग्नोस्टिक सेंटर, रिसर्च सेंटर, धर्मशाला और होटल एकीकृत विकास मॉडल के तहत बनाए जाएंगे। यह परियोजना न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

 

राज्य सरकार का लक्ष्य इस मेडिसिटी को मेडिकल टूरिज्म (Nava Raipur Medical Tourism) का हब बनाना है। इसके लिए रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं।

 

पूरे प्रदेश में मेडिसिटी का विस्तार (Nava Raipur Medisity)

 

सरकार ने ‘नवा अंजार 2047 विजन डॉक्यूमेंट’ के तहत राज्य के पांचों संभागों में एक-एक मेडिसिटी विकसित करने की योजना बनाई है। इस पहल का उद्देश्य हेल्थ और न्यूट्रिशन को प्राथमिकता देना, उच्च गुणवत्ता वाली टर्शरी केयर सुविधाएं उपलब्ध कराना, कुशल स्वास्थ्य कर्मी तैयार करना और मेडिकल टूरिज्म को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

 

अधिकारियों का मानना है कि एयरपोर्ट के नजदीक बनने वाली यह मेडिसिटी छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय मेडिकल टूरिज्म के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *