रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला रायगढ़ के कोतरा रोड स्थित अटल विहार कॉलोनी का है, जहां रविवार सुबह 30 वर्षीय ममता साहू का शव उनके घर के पंखे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच नाश्ता बनाने को लेकर विवाद हुई थी।

दरअसल, ममता साहू अपने पति सतीश साहू और ढाई साल के बेटे के साथ कॉलोनी के ब्लॉक S में मकान नंबर 201 में रह रही थीं। पति सतीश, बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जरोंधा का रहने वाला है और रायगढ़ में कैट JCB कंपनी में काम करता है।
21 जुलाई की सुबह सतीश जब कमरे में लौटा तो ममता का शव चुनरी के फंदे से पंखे पर लटका मिला। उसने तुरंत फंदा काटकर पत्नी को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच नाश्ता बनाने को लेकर विवाद हुई थी, जिसके बाद यह आत्महत्या की घटना सामने आई। हालांकि, महिला की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस पति सतीश साहू से पूछताछ कर रही है और अन्य पहलुओं की जांच भी की जा रही है।
