तोमर बंधु केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोहित तोमर की पत्नी भावना तोमर गिरफ्तार, जब्त की गई जैगुआर कार

रायपुर : छत्तीसगढ़ में चर्चित रायपुर के हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधु प्रकरण में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। फरार आरोपी रोहित तोमर की पत्नी भावना तोमर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से कई अहम दस्तावेज, साथ ही एक लग्जरी जैगुआर कार भी जब्त की गई है, जो पीड़ित से कथित तौर पर डरा-धमका कर छीन ली गई थी।

जमीन के दस्तावेज और हड़पी गई संपत्तियों के सबूत मिले

पुलिस सूत्रों के अनुसार, भावना तोमर न केवल रोहित तोमर के काले कारनामों में सहभागी थीं, बल्कि उनके पास से हड़पी गई जमीनों से जुड़े दस्तावेज, रजिस्ट्री और कुछ अहम फाइलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस का मानना है कि ये दस्तावेज तोमर बंधु द्वारा अनुचित तरीके से की गई संपत्ति अर्जन से जुड़े हो सकते हैं।

3 लाख का कर्ज, 8 लाख की वसूली और कार कब्जे में लेने का आरोप

जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी मनोज कुमार वर्मा ने 5 साल पहले रोहित तोमर से 3 लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन आरोप है कि रोहित तोमर और उसके गुर्गों ने डरा-धमका कर कुल 8 लाख रुपये वसूल लिए और वर्मा की जैगुआर कार भी जबरन अपने कब्जे में ले ली।

 

परिवार के संपर्क में होने के बावजूद पुलिस नाकाम

रोहित तोमर और वीरेंद्र सिंह तोमर ये दोनों भाई पिछले डेढ़ महीने से फरार हैं। पुलिस का दावा है कि वे अपने परिवार के संपर्क में हैं, लेकिन अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

इनके खिलाफ अवैध वसूली, जान से मारने की धमकी, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि ये आरोपी जांच में सहयोग नहीं करते, तो इनकी संपत्ति कुर्क की जा सकती है।

परिवार की महिलाएं सलाखों के पीछे

तोमर परिवार से अब तक रोहित तोमर की पत्नी भावना तोमर, और वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी शुभ्रा तोमर
को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, मुख्य आरोपी रोहित और वीरेंद्र सिंह तोमर अभी भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि इनके कई सहयोगी (गुर्गे) पहले से जेल में बंद हैं।

तोमर बंधु पर लंबी आपराधिक सूची

तोमर भाइयों के खिलाफ विभिन्न थानों में अवैध वसूली, धमकाने और मारपीट, शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन
जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस को अब भी उनकी तलाश है, लेकिन आरोपियों की लगातार लुका-छुपी का खेल पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *