Raipur News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अहम बैठक 13 जुलाई को शाम 4 बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक राजीव भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में होगी।
बैठक में मानसून सत्र के लिए पार्टी की रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की योजना बनाई जाएगी।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस खाद की कमी, युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में अनियमितता, बिजली दरों में बढ़ोतरी, वृक्षों की अवैध कटाई और बेरोजगारी सहित कई जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाएगी।
कांग्रेस का मानना है कि वर्तमान सरकार की नीतियों से किसान, कर्मचारी, छात्र और आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं, और विधानसभा मंच पर इन आवाज़ों को बुलंद किया जाएगा।
14 जुलाई से शुरू होगा मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से 18 जुलाई तक चलेगा। इस सत्र के दौरान विपक्ष का रुख आक्रामक रहने की संभावना है। कांग्रेस विधायकों को सभी मुद्दों पर तथ्यात्मक तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सरकार को घेरा जा सके।
