Raipur Accident: रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में पचेड़ा-थनौद मार्ग पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में सवार लोग रायपुर के भनपुरी से विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के लिए राजिम जा रहे थे। वाहन में करीब एक दर्जन महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। हादसे में पिकअप में बैठे कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
चालक वाहन छोड़कर फरार
टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

