Raipur Murder: राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में अवैध संबंध के शक को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। किराएदार ने अपने मकान मालिक का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25) है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी भाटापारा का रहने वाला है।
पत्नी के अवैध संबंध के शक में मर्डर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले एक-दो साल से मृतक के मकान में किराए पर रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था। इसी दौरान मकान मालिक को अपनी पत्नी और किराएदार के बीच अवैध संबंध होने का शक हो गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
विवाद के बाद गला दबाकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने आवेश में आकर मकान मालिक का गला दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर राखी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने और पूछताछ के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


