CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बनाने और फोटो वायरल करने की धमकी देकर रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20) निवासी मौदहापारा के रूप में हुई है।
मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर को एक महिला ने अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी जानकारी और मुखबिर से आरोपी के ठिकाने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में दबिश देकर युवती को आरोपी के कब्जे से बरामद किया।
मीना बाजार में हुई थी पहचान
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अजरूदीन अली से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ।
इसके बाद आरोपी युवती पर रायपुर चलने और होटल में रुकने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि आरोपी उसे रायपुर ले गया और एक होटल में ठहराया। वहां से बाहर जाने से भी रोकने की बात सामने आई है।
रायगढ़ लौटने के बाद फिर साथ ले गया
युवती ने बताया कि वह किसी तरह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद आरोपी रेलवे स्टेशन पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे एक होटल में रखा गया और बाहर जाने नहीं दिया गया।
फोटो वायरल करने की धमकी देकर मांगे रुपए
युवती के अनुसार, आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार स्थित एक मकान में ले गया और वहां बंधक बनाकर रखा। आरोपी ने मीना बाजार में खींची गई फोटो और उसके साथ रहने की बात सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी दी।
आरोप है कि आरोपी ने युवती से 50 हजार रुपए की मांग की। उसने कहा कि उस पर काफी खर्च हो चुका है और रुपए नहीं देने पर उसे जाने नहीं देगा।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी के मोबाइल सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी महिला को धमकाने, ब्लैकमेल करने या बंधक बनाने की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

