Raipur News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राजधानी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब रायपुर, नया रायपुर (अटल नगर), दुर्ग, भिलाई, चरौदा और कुम्हारी को मिलाकर “स्टेट कैपिटल रीजन” (SCR) के रूप में विकसित किया जाएगा। इस उद्देश्य के लिए राज्य सरकार “राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण” (SCRDA) के गठन का विधेयक विधानसभा के आगामी सत्र में पेश करेगी। शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित साय कैबिनेट बैठक में इस विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी गई है।

2031 तक 50 लाख की आबादी का अनुमान
राज्य सरकार के अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2031 तक SCR क्षेत्र की आबादी 50 लाख तक पहुंच सकती है। ऐसे में भू-प्रबंधन, अधोसंरचना विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना एक आवश्यक चुनौती बन गई है। SCRDA इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संगठित शहरी विकास को गति देगा।
SCR प्राधिकरण की भूमिका
आवास एवं पर्यावरण विभाग के अनुसार, SCRDA का गठन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), मुंबई MMRDA और हैदराबाद HMDA की तर्ज पर किया जा रहा है। यह निकाय नियोजन, नियंत्रण, समन्वय और निवेश को आकर्षित करने जैसे प्रमुख कार्यों की जिम्मेदारी संभालेगा।
