CG News: TC मांगने पहुंची थी छात्रा; प्रिंसिपल ने जड़ा थप्पड़, तेज आवाज में बात पर हुआ विवाद

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीआर साव कॉलेज, नेवसा की प्रभारी प्राचार्य अंजना साहू द्वारा एक छात्रा को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हो गया है। यह घटना उस समय हुई जब छात्रा टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) लेने कॉलेज पहुंची थी। तेज आवाज में बात करने को लेकर शुरू हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया और मामला रतनपुर थाने तक पहुंच गया।

क्या है मामला?

सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी अंकिता यादव, कॉलेज की फाइनल ईयर की छात्रा है। उसे खेल कोटे से एडमिशन मिला था, जिसके कारण पहले दो वर्षों में फीस माफ रही। लेकिन फाइनल ईयर में कॉलेज ने फीस जमा करने के लिए कहा, जिस पर अंकिता ने टीसी की मांग की, ताकि वह दूसरे कॉलेज में एडमिशन ले सके।

छात्रा का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन कई दिनों से उसे टीसी के नाम पर टाल रहा था। जब वह बार-बार कॉलेज पहुंची और विरोध दर्ज कराया, तब प्राचार्य अंजना साहू ने उसे थप्पड़ मार दिया और मोबाइल छीनने की कोशिश की।

VIDEO हुआ वायरल

छात्रा के साथ आया एक युवक इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। वीडियो में प्राचार्य को छात्रा को थप्पड़ मारते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। वीडियो को रोकने की कोशिश में प्राचार्य ने युवक से मोबाइल छीन लिया, लेकिन तब तक घटना रिकॉर्ड हो चुकी थी। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्राचार्य ने कहा-

प्राचार्य अंजना साहू का कहना है कि छात्रा को नो ड्यूज फॉर्म भरने के लिए कहा गया था, जिस पर वह नाराज हो गई और संबंधित प्राध्यापक से तेज आवाज में बात करने लगी। जब छात्रा को समझाने की कोशिश की गई तो वह बहस करने लगी और फिर विवाद बढ़ गया।

दोनों पक्षों से शिकायत दर्ज

रतनपुर थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों ने मामले को लेकर लिखित आवेदन दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है, और जांच के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *