कहते हैं शराब जितनी पुरानी होती है, उतनी ही बेहतर स्वाद देती है… लेकिन क्या वाकई हर शराब वक्त के साथ बेहतर होती है? क्या शराब की भी होती है एक्सपायरी डेट? अगर आप भी शराब पीने या संग्रह करने के शौकीन हैं तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।
यूट्यूब चैनल के फाउंडर और ‘दादा बारटेंडर’ के नाम से मशहूर संजय घोष बताते हैं कि शराब एक्सपायर होगी या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि वो किस प्रकार की है। आमतौर पर स्पिरिट कैटेगरी में आने वाली वोदका, व्हिस्की, रम, टकीला और जिन जैसी शराबें एक्सपायर नहीं होतीं। अगर इनकी बोतलें सील बंद हैं और सही तरीके से ठंडी व सूखी जगह पर स्टोर की गई हैं तो ये सालों बाद भी सुरक्षित रहती हैं।
लेकिन वाइन और बीयर जैसी शराबें इस मामले में अपवाद हैं। इन दोनों में अल्कोहल की मात्रा कम होती है, जिसके कारण इनकी शेल्फ लाइफ भी सीमित होती है।
वाइन में औसतन 12 से 15 फीसदी अल्कोहल होता है। भारत में एक वाइन की बोतल को अधिकतम 5 साल तक स्टोर किया जा सकता है, वो भी तब जब बोतल बंद हो। अगर वाइन की बोतल एक बार खुल गई, तो यह सिर्फ 5 से 6 दिनों में खराब हो सकती है।
वहीं बीयर की बात करें तो इसमें सिर्फ 4 से 8 प्रतिशत तक अल्कोहल होता है। बीयर को खुला छोड़ देने पर यह बहुत जल्दी ऑक्सीडाइज हो जाती है और उसका स्वाद खराब होने लगता है। बीयर की शेल्फ लाइफ भी सीमित होती है और इसे खुलने के कुछ घंटों के भीतर ही खत्म कर लेना चाहिए।
इसलिए अगली बार जब आप किसी शराब की बोतल को सालों तक संभाल कर रखने का सोचें, तो यह ज़रूर जान लें कि वो किस कैटेगरी की है। कहीं ऐसा ना हो कि ‘पुरानी शराब’ के नाम पर आप खराब स्वाद और सेहत का नुकसान झेल बैठें।
