Kanker News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में कोरोना वायरस से वर्ष 2025 की पहली मौत दर्ज की गई है। यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कमजोर तैयारियों को उजागर करती है। सोमवार देर रात कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान एक 48 वर्षीय मरीज की मौत हो गई, जो कोविड पॉजिटिव पाया गया था।
लीवर की बीमारी से पीड़ित था मरीज
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम मनोज कुमार भुआर्य है, जो कोंडागांव जिले के फरसगांव का निवासी था, जिसे पिछले सप्ताह गंभीर लीवर संबंधी समस्या के चलते कांकेर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और सोमवार को उसकी मौत हो गई। बाद में रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित था।
2025 में प्रदेश में तीसरी, जबकि जिले में पहली मौत है। इससे पहले राजनांदगांव जिले में 7 दिन के अंदर 2 कोविड पेशेंट ने दम तोड़ दिया था। वहीं प्रदेश में आंकड़ों की बात करें तो 8 जुलाई को 2 पॉजिटिव केस मिले, जिसमें रायपुर 1 और राजनांदगांव 1 मिले हैं। कुल एक्टिव केस 11 हैं। वहीं 211 लोग ठीक हो गए हैं।

नहीं था कोविड वार्ड
मरीज की मौत ने जिले में कोविड प्रबंधन की पोल खोल दी है। जानकारी के अनुसार, कांकेर जिला अस्पताल में कोविड संक्रमितों के लिए अलग वार्ड तक नहीं बनाया गया है। जबकि देशभर में कोरोना को लेकर फिर से अलर्ट जारी किया गया है। बावजूद इसके जिले में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी सामने आ रही है।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की खुली पोल
कोविड से हुई इस मौत के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। जिले में कोविड के प्रति सतर्कता, स्क्रीनिंग और आइसोलेशन जैसे उपायों की स्थिति चिंताजनक है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्वास्थ्य विभाग को अब फिर से सक्रियता दिखानी चाहिए और इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना चाहिए।
