Raipur News: राजधानी रायपुर में खराब सड़कों को लेकर शुरू हुई बहस अब सियासी जंग में बदल गई है। सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच तीखा वार-पलटवार देखने को मिला।
दरअसल, विवाद की शुरुआत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उस सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने प्रदेश में अवैध घुसपैठ की सूचना देने के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया था। इसी पोस्ट पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए पूछा, “अगर सड़कें खराब हों तो उसकी शिकायत कहां करें, मंत्री महोदय?”
इस सवाल पर जवाब देते हुए विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मोबाइल नंबर साझा कर दिया और लिखा-
“इस नंबर पर बताइए, क्योंकि ये उन्हीं की देन है।”

यह बात भूपेश बघेल को नागवार लगी। उन्होंने उसी पोस्ट पर तीखा जवाब देते हुए कहा—
“सड़कों की हालत सुधारने के लिए आप मेरा नंबर बांट रहे हैं! अगर ये जिम्मेदारी आपके बूते की नहीं है, तो उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का पद छोड़ दीजिए। बल्कि पूरी भाजपा सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए।
जनता को ही सब देखना है तो हम उनके साथ मिलकर देख लेंगे, आप रास्ता छोड़ दीजिए।”

इसके साथ ही बघेल ने शायराना अंदाज में विजय शर्मा पर निशाना साधते हुए लिखा-
“कुर्सी है तुम्हारा, ये जनाज़ा तो नहीं है,
कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते।
कमाल है विजय शर्मा जी!”
भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि यदि आपके अफसर घुसपैठियों को नहीं ढूंढ पा रहे हैं तो आप जनता के भरोसे क्यों हैं? क्या अब सरकार की सारी जिम्मेदारी भी जनता को ही उठानी पड़ेगी?
