भूपेश बघेल ने अपनाई खेती की नई तकनीक; सपरिवार की धान की रोपाई, तस्वीरें वायरल…

Raipur News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक बार फिर किसान रूप में नजर आए। इस बार खास बात यह रही कि उन्होंने परंपरागत तरीके की जगह धान रोपाई की नई तकनीक अपनाई और संपूर्ण परिवार के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की। उनकी ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और छत्तीसगढ़ी जनभावना से गहरे स्तर पर जुड़ रही हैं।

नई तकनीक के साथ दिखे पूर्व मुख्यमंत्री

पूर्व मुख्यमंत्री अक्सर खेतों में काम करते नजर आते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने एक अलग अंदाज में खेतों की ओर रुख किया। उन्होंने धान की रोपाई के लिए मशीन का उपयोग किया जो परंपरागत रोपाई से बिल्कुल भिन्न और आधुनिक कृषि प्रणाली का हिस्सा है।

सपरिवार पहुंचे खेत में

तस्वीरों में भूपेश बघेल के साथ उनकी पत्नी, बेटा और बेटी भी नजर आ रहे हैं। सभी ने पारंपरिक ग्रामीण वेशभूषा में खेत की मिट्टी में उतरकर रोपाई की। बघेल परिवार ने कुरुदडीह स्थित अपने खेत में धान की रोपाई कर मानसून के स्वागत की इस पारंपरिक प्रक्रिया को आत्मीयता से निभाया।

छत्तीसगढ़ी में भावुक संदेश

भूपेश बघेल ने इन तस्वीरों के साथ एक खूबसूरत छत्तीसगढ़ी संदेश साझा किया:

“नवा तकनीक, नवा किसान
चलव खेत म रोपबो धान”

इसके साथ उन्होंने लिखा, “अवसर था कुरुदडीह में सपरिवार खेती देखने जाने का। मानसून धीरे-धीरे धरती को हरे के अनगिनत रंगों से भर रहा है। थोड़े ही दिनों में खेतों में धान लहलहाने लगेगा। यह किसानों के लिए पर्व का भी समय है और अथक परिश्रम का भी।”

सोशल मीडिया में मिल रही सराहना

इन तस्वीरों और संदेशों को सोशल मीडिया पर भरपूर सराहना मिल रही है। लोग भूपेश बघेल के इस जमीनी और खेती-किसानी से जुड़े अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *