Raipur news: छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस (1 नवंबर 2025) पर राजधानी रायपुर के आसमान में देशभक्ति और गर्व का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। इस विशेष अवसर पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सूर्य किरण एरोबेटिक टीम’ द्वारा रोमांचक हवाई प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल की पहल पर संभव हो पाया है।
इस आयोजन की स्वीकृति रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि सूर्य किरण टीम को प्रस्तावित समय में रायपुर में प्रदर्शन हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजन की पूरी रूपरेखा भारतीय वायुसेना के निर्धारित अभ्यास एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार की जाएगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा-
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस आयोजन को प्रदेशवासियों के लिए “अविस्मरणीय क्षण” बताया है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस गर्व, स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। इस दिन वायुसेना की सूर्य किरण टीम का प्रदर्शन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और प्रेरणा का संचार करेगा। मैं इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त करता हूं।”

राज्य प्रशासन, भारतीय वायुसेना और रक्षा मंत्रालय के समन्वय से कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जाएंगी। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के युवाओं को राष्ट्रसेवा की ओर प्रेरित करेगा और राज्य स्थापना दिवस के उत्सव में चार चांद लगाएगा।
