Raigarh News: मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने जहर खाकर दी जान, पुलिस ने पांच आरोपियों को भेजा जेल

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक के जहर सेवन कर आत्महत्या कर लिया। मामले में पुलिस ने जांच उपरांत 05 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। उक्त मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आरमुड़ा निवासी सुशील भूमिया 27 साल ने 29 मई को जहर सेवन कर लिया था। परिजनों के द्वारा सुशील को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुसाइड नोट में लिखा 5 लोगों के नाम

युवक की मौत के बाद जांच के दौरान मृतक के परिजनों से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक सुशील ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। परिजनों ने पुष्टि की कि ग्राम आरमुड़ा के निवासी सब्या भूमिया, दिलीप भूमिया, राजेश भूमिया, बालमुकुंद नायक और लवकुमार महापात्र द्वारा सुशील भूमिया को मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

आरोपियों ने स्वीकारा अपराध

पुसौर थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के हमराह जांचकर्ता ने विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर आज आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सब्या भूमिया (25 वर्ष), दिलीप भूमिया (24 वर्ष), बालमुकुंद नायक (55 वर्ष), लवकुमार महापात्र (81 वर्ष) एवं राजेश भूमिया (28 वर्ष), सभी निवासी ग्राम आरमुड़ा थाना पुसौर शामिल हैं।

आरोपियों को भेजा गया जेल

परिजनों के आरोप और सुसाइड नोट की पुष्टि के बाद पुलिस ने धारा 306, 34 भादंवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *