Dongargarh Murder: धर्म नगरी डोंगरगढ़ के वार्ड क्रमांक 24, कश्मीरी पारा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही बुजुर्ग दादी की धारदार चाकू से निर्मम हत्या कर दी। यह घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है।![]()
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने अपनी दादी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और उसका अपनी दादी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार वह मारपीट और जानलेवा हमले तक कर चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


