CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर अब पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई है। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, राज्य के सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर, जशपुर सहित उत्तरवर्ती जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जबकि अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों का मौसम अपडेट
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान बिलासपुर में 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने और दिन भर गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। रायपुर में आज तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
