छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 17वीं किश्त जारी: 69.23 लाख महिलाओं को मिले 647 करोड़ रुपए

Raipur News: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ी पहल करते हुए महतारी वंदन योजना की 17वीं किश्त का भुगतान आज कर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 647.66 करोड़ रुपए डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से अंतरित किए हैं।

17 महीनों में अब तक 11,081 करोड़ रुपए से अधिक की मदद

गौरतलब है कि इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की गई थी। तब से लेकर अब तक लगातार 17 महीनों में सरकार 11,081.68 करोड़ रुपए की सहायता राशि छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दे चुकी है। योजना के तहत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है।

डीबीटी में अड़चन होने पर करें आधार सीडिंग

विभाग ने बताया कि जिन महिलाओं के बैंक खाते डीबीटी इनेबल नहीं हैं, उनके खातों में राशि वापस लौट जा रही है। ऐसे हितग्राहियों को तत्काल बैंक जाकर आधार सीडिंग करवानी चाहिए। इस संबंध में एसएमएस के माध्यम से सूचना भी भेजी गई है। यदि किसी लाभार्थी को भुगतान संबंधी कोई समस्या है तो वह योजना पोर्टल में जाकर शिकायत दर्ज कर सकती हैं।

आधार अपडेट कराना जरूरी

महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिलाओं से आधार कार्ड अपडेट कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में भुगतान में कोई रुकावट न हो। विभाग ने बताया कि कई लाभार्थियों का आधार इनएक्टिव होने के कारण भुगतान निरस्त किया गया है। ऐसे में महिलाओं को पहचान पत्र और निवास प्रमाण पत्र के साथ आधार केंद्र जाकर आधार अपडेट कराना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *