Bilaspur News: बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र के वैशाली रीजेंसी अपार्टमेंट की पार्किंग में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। इस हादसे में 10 बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि एक कार भी आग की चपेट में आ गई और उसका एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रातभर जागते रहे लोग
रात करीब 2:30 बजे जब पार्किंग में आग भड़की, तो तेज लपटें उठने लगीं। लपटों को देखकर कॉलोनी के लोगों की नींद उड़ गई और वे आनन-फानन में आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। स्थानीय निवासियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में उसने कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक आग अपना कहर बरपा चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह?
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पार्किंग क्षेत्र में लगे होल्डर से चिंगारी निकलती देखी गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल, तोरवा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद अपार्टमेंट के स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
