Raipur: सूर्यकांत राठौर बने रायपुर नगर निगम के नए सभापति, भाजपा पार्षद दल की बैठक में सर्वसम्मति से नाम हुआ तय

Raipur Municipal Corporation Chairman: रायपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने सीनियर पार्षद सूर्यकांत राठौर को निगम के नए सभापति पद के उम्मीदवार के रूप में सर्वसम्मति से चुना है। यह निर्णय एकात्म परिसर में हुई भाजपा पार्षद दल की बैठक में लिया गया, जिसमें सभी भाजपा पार्षदों ने राठौर के नाम पर अपनी सहमति जताई।

 

बैठक के बाद सभी भाजपा पार्षद रायपुर नगर निगम मुख्यालय के लिए रवाना हुए, जहां सभापति चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चूंकि भाजपा को नगर निगम में पूर्ण बहुमत हासिल है, इसलिए सूर्यकांत राठौर के निर्विरोध चुने जाने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।

 

अपील समिति के लिए चार सदस्य निर्वाचित

 

सभापति पद के साथ-साथ अपील समिति के लिए भी चार सदस्यों का चयन किया गया है। इस समिति के लिए विनय निर्मलकर, राजेश गुप्ता, महेन्द्र औसर और स्वप्निल मिश्रा को निर्वाचित घोषित किया गया है। यह सभी भाजपा के सशक्त और अनुभवी पार्षद हैं, जो निगम की कार्यप्रणाली को और मजबूती देंगे।

 

भाजपा को मिला निगम में पूर्ण बहुमत

 

रायपुर नगर निगम (Raipur Municipal Corporation Chairman) चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। निगम में भाजपा के 60 पार्षद, कांग्रेस के 7 पार्षद और 3 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। हाल ही में एक निर्दलीय पार्षद ने भाजपा को समर्थन दे दिया, जिससे अब भाजपा के पार्षदों की संख्या 61 हो गई है। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि अन्य निर्दलीय पार्षद भी भाजपा के पक्ष में जा सकते हैं, जिससे सभापति का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।

 

आने वाले दिनों में महापौर परिषद (MIC) और जोन के लिए होगी बैठक

 

सभापति चुनाव के पर्यवेक्षक धरमलाल कौशिक ने बताया कि भाजपा पार्षद दल की बैठक में सूर्यकांत राठौर को सर्वसम्मति से सभापति उम्मीदवार घोषित किया गया है। साथ ही अपील समिति के चार सदस्यों के नाम भी तय किए गए हैं। अब निगम मुख्यालय में निर्वाचन प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इसके अलावा, महापौर परिषद (MIC) और जोन अध्यक्षों के लिए भी आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर नामों की घोषणा की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *