Kanker video viral : नशे की हालत में एक युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के गंभीर आरोप में कांकेर पुलिस ने एनएसयूआई (NSUI) के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चमन साहू को गिरफ्तार किया है। पीड़ित युवती ने 3 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
कैसे हुई थी जान-पहचान
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी चमन साहू की पहचान वर्ष 2014-15 में हुई थी। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती बढ़ी और चमन साहू का पीड़िता के घर भी आना-जाना शुरू हो गया। इस बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
वर्ष 2021-22 में शहर के एक होटल में एक पार्टी का आयोजन हुआ, जिसमें पीड़िता, चमन साहू और उनके कुछ दोस्त शामिल हुए। पार्टी खत्म होने के बाद सभी दोस्त चले गए, लेकिन पीड़िता और चमन साहू वहीं रुक गए। इसी दौरान नशे की हालत में आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया।
सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल
कुछ समय बाद आरोपी ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से आहत हो गई। परेशान होकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 3 मार्च को कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर चमन साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि वीडियो वायरल करने के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी और क्या इस कृत्य में अन्य लोग भी शामिल थे।
पीड़िता की रिपोर्ट पर अपराध क्रमाक 71/25 धारा 294 बीएनएस 67,67 (ए) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये कांकेर थाना प्रभारी मनीष नागर ने टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चमन साहू की पतासाजी कर गिरफ्तार किया। प्रकरण में इस्तेमाल मोबाइल को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में निरीक्षक मनीष नागर, निरीक्षक साइबर सेल प्रेम प्रकाश अवधिया, थाना उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, महिला प्रधान आरक्षक हितेंश्वरी चेलक, प्रधान आरक्षक गीतेश्वर कुलदीप, आरक्षक अनिल कुमार के साथ साइबर सेल स्टॉफ का विशेष योगदान रहा।
