CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सरगुजा-बिलासपुर संभाग और बस्तर संभाग में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक, 23 से 27 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश की संभावना (Heavy rain in CG)
मौसम (IMD Alert CG) वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे समुद्र से नमी युक्त हवाएं छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रही हैं। इसके प्रभाव से राज्य के दक्षिणी हिस्से में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं, 25 सितंबर से एक नया सिस्टम बनने जा रहा है, जो 27 सितंबर तक दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटों को पार करेगा।
कब तक रहेगा बारिश का असर?
प्रदेश में इस साल एक जून से शुरू हुआ रेनी सीजन 30 सितंबर तक चलेगा। सितंबर में अब आठ दिन शेष हैं और इस अवधि में होने वाली बारिश सीजन के कोटे में गिनी जाएगी। इसके बाद होने वाली वर्षा को पोस्ट मानसून कैटेगरी में दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि अभी औसत बारिश का कोटा थोड़ा कम है, लेकिन आगामी बारिश से यह पूरा होने की संभावना है।

इन जिलों में अलर्ट जारी (CG Rain Alert)
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट : धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद – यहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 KMPH की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना।
यलो अलर्ट : कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर – यहां हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
आज रायपुर का मौसम (Raipur Weather)
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से लेकर 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
