Gariyaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक दुकान से 525 बोरी यूरिया जब्त की। दुकानदार किसानों को 266 रुपए कीमत वाली यूरिया की बोरी 900 रुपए में बेच रहा था। प्रशासन ने दुकान को 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है और लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी है।
खाद कालाबाजारी की मिल रही थी शिकायतें (Gariyaband fertilizer black marketing)
जानकारी के मुताबिक, देवभोग और अमलीपदर अंचल में यूरिया खाद की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि उपसंचालक चंदन राय के नेतृत्व में टीम बनाई गई। जांच के दौरान धुर्वागुड़ी स्थित राजेंद्र खाद भंडारण केंद्र में जब छापा मारा गया तो वहां किसान यूरिया की बोरी 900 रुपए में खरीद रहे थे।

525 बोरी यूरिया जब्त (525 Urea seized Gariyaband)
टीम ने मौके पर ही 525 बोरी यूरिया (Urea fertilizer scam Gariyaband) जब्त कर ली और दुकान को 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया। साथ ही संचालक को नोटिस थमाया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि यदि 3 दिनों में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दुकान की लाइसेंस रद्द कर दी जाएगी।

अन्य दुकानों में भी गड़बड़ी
कार्रवाई की भनक मिलते ही कई दुकानों के शटर डाउन हो गए। टीम ने आगे बढ़कर सिद्धि विनायक कृषि केंद्र गोहरापदर और एक अन्य दुकान का निरीक्षण किया।
