Raipur News: बलौदाबाजार जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में मध्यान्ह भोजन में लापरवाही बरतने पर शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। छात्रों को कुत्ते का जूठा भोजन परोसने के मामले में प्रभारी प्रधानपाठक नेतराम गिरि और शिक्षक वेदप्रकाश पटेल को निलंबित कर दिया गया है। वहीं तीन अन्य शिक्षकों का वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोक दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर दीपक सोनी के प्रतिवेदन के आधार पर लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा की गई है।
https://youtube.com/shorts/peyizXdEb94?feature=share

क्या है पूरा मामला (dog contaminated food)
यह मामला 28 जुलाई 2025 का है, जब पलारी विकासखंड के लच्छनपुर स्कूल में मध्यान्ह भोजन तैयार किया गया था। भोजन परोसने से पहले ही उसे एक आवारा कुत्ते ने जूठा कर (Dog licked food in school) दिया था। इसके बावजूद प्रधानपाठक और रसोइयों ने भोजन छात्रों को परोस दिया। इस दौरान 84 छात्रों को भोजन देने के बाद गुपचुप तरीके से एंटी रेबीज टीका लगवाया गया, और मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

इन पर हुई कार्रवाई ( teacher suspended)
प्रभारी प्रधानपाठक नेतराम गिरि और शिक्षक वेदप्रकाश पटेल को घोर लापरवाही और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3(1), 3(2), 3(3) के उल्लंघन का दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिमगा नियत किया गया है। नियमानुसार, उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
मामले को छिपाने में सहयोग देने वाले शिक्षक रविलाल साहू, नेमीचंद बघेल और नामप्यारी ध्रुव का एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोका गया है।

प्रशासन ने जताई सख्ती
प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं पर और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
