Balod News : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई। पुलिसको देखकर जुआ खेलते पकड़े जाने के डर से तीन युवक तांदुला नदी में कूद गए, जिनमें से दो तो किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन एक युवक लापता हो गया है। युवक की तलाश जारी है, SDRF और गोताखोरों की टीम रातभर से सर्च ऑपरेशन में जुटी है।

जुआ खेलने की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही के महावीर मुक्तिधाम के पास तांदुला नदी किनारे कुछ युवक ताश खेल रहे थे। इस दौरान जुए की सूचना पर पुलिस की एक टीम सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीन युवक घबरा गए और नदी में छलांग लगा दी। इनमें से 30 वर्षीय दुर्गेश सोनकर नदी में डूब गया, जबकि दो अन्य युवक तैरकर बाहर आ गए।

SDRF टीम कर रही सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने पर बालोद से पहुंची SDRF की टीम और गोताखोरों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार सुबह तक युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक दुर्गेश का कोई सुराग नहीं मिला है।

परिजनों ने लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप
लापता युवक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुर्गेश जुआ नहीं खेल रहा था, वह सिर्फ घूमने गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे 8-10 पुलिसकर्मियों ने डंडे लेकर युवकों को दौड़ाया। इसी डर से दुर्गेश नदी में कूदा, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की।
टीआई ने आरोप किए खारिज
गुंडरदेही थाना प्रभारी मनीष सेंडे ने बताया कि एक खेत मालिक ने ताश खेलने की शिकायत थाने में की थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक वहां से भाग चुके थे। कुछ समय बाद सूचना मिली कि एक युवक नदी में कूद गया है।
टीआई ने कहा कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, उस समय वहां कोई युवक डूबता नजर नहीं आया। डूबने की जानकारी कुछ घंटों बाद मिली, जिसके बाद SDRF के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
