बलरामपुर/वाड्रफनगर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। जहां वाड्रफनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लाख रुपये कीमत का 92 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो गांजा को बस के जरिए उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में थे।

4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को जानकारी मिली थी कि तस्कर महिंद्रा कंपनी की यात्री बस के माध्यम से गांजा तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर बस को रोका और तलाशी के दौरान 12 बैगों में भरा हुआ गांजा बरामद किया। इस दौरान मौके पर ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वाड्रफनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में यह मामला अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
वाड्रफनगर एसडीओपी राम अवतार ध्रुव ने जानकारी दी कि- सूचना के बाद तत्काल एक विशेष टीम बनाई गई और बस को वाड्रफनगर क्षेत्र में रोका गया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
