स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में CM साय फहराएंगे तिरंगा, देंगे प्रदेशवासियों के नाम संदेश

Raipur News: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे और प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। उनका यह संदेश दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से पूरे छत्तीसगढ़ में प्रसारित किया जाएगा।

भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

समारोह के दौरान संयुक्त परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसका दायित्व छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुलिस महानिरीक्षक के अधीन होगा। इस परेड में BSF, CRPF, CISF, ITBP, SSB, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला एवं पुरुष), नगर सेना एवं NCC कैडेट्स की टुकड़ियां भाग लेंगी।

मुख्य समारोह के बाद स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति आधारित समूह-नृत्य एवं गायन प्रस्तुत किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इसके लिए जूरी गठित की जाएगी और कार्यक्रम स्थल पर ही पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

सम्मान और पुरस्कार वितरण की भी होगी व्यवस्था

राज्य शासन द्वारा विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्यों के लिए पदक और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे 29 जुलाई 2025 तक चयनित नामों की सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजें। इसके बाद प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा।

हर स्तर पर होंगे आयोजन

राज्य शासन ने समस्त जिलों, विकासखंडों और पंचायत स्तर पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के भव्य आयोजन के निर्देश दिए हैं। सार्वजनिक भवनों, राष्ट्रीय स्मारकों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही निजी संस्थानों को भी ध्वजारोहण और सजावट के लिए प्रेरित किया गया है।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा और उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *