Rajnandgaon Accident: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नेशनल हाईवे-53 पर कल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार एक महिला और युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा आरके नगर चौक के पास हुआ।
रॉन्ग साइड से आ रही थी स्कूल बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अज़ीज़ पब्लिक स्कूल (Aziz Public School) की स्कूल बस रॉन्ग साइड से आ रही थी, जिसने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने घायल महिला और युवक को तत्काल पेन्ड्री स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई, जबकि युवक को पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पेपर देने जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, महिला अपने बहन के बेटे के साथ बुरानछापर गांव से राजनांदगांव B.Ed. परीक्षा देने जा रही थी, तभी यह घटना हुई। मृतका की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने स्कूल बस चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
