Raigarh Pickup Accident: सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी; 4 की मौत, 20 घायल

Raigarh Pickup Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन कापू थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। (पिकअप खाई में गिरी; 4 की मौत 20 घायल)

यह हादसा मड़वाताल-जमरगा मार्ग पर उस समय हुआ जब बंगरसुता गांव के ग्रामीण गोसाईपोड़ी गांव में आयोजित सगाई कार्यक्रम से लौट रहे थे। ग्रामीण रणविजय राठिया के घर सगाई समारोह में शामिल होकर पिकअप वाहन से अपने गांव वापस जा रहे थे। रात करीब 8 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गया। (रायगढ़ पिकअप खाई में गिरी)

ब्रेक फेल होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत धर्मजयगढ़ अस्पताल में हुई, जबकि दो अन्य घायलों ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं। गंभीर घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *