कांकेर जिला अस्पताल में नर्स से छेड़छाड़; बंद पड़े CCTV, लचर सुरक्षा व्यवस्था पर भड़के स्टाफ कर्मचारी

Kanker District Hospital: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। दो दिन पहले रात के समय एक युवक ने अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। गनीमत रही कि अन्य स्टाफ ने समय रहते हस्तक्षेप कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

नर्सों से छेड़छाड़ के बाद कर्मचारियों में आक्रोश

पीड़ित नर्स की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, कर्मचारियों का कहना है कि यह सिर्फ गिरफ्तारी से हल होने वाला मामला नहीं है, बल्कि अस्पताल परिसर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि वे दिन-रात मरीजों की सेवा करते हैं, लेकिन खुद की सुरक्षा को लेकर असहाय महसूस कर रहे हैं।

बंद पड़े CCTV और बेअसर पुलिस सहायता केंद्र

अस्पताल में लगे CCTV कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है। यही नहीं, अस्पताल परिसर में बनाया गया पुलिस सहायता केंद्र भी महज औपचारिकता बनकर रह गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो कैमरे सुधारे गए और न ही गार्डों की पर्याप्त व्यवस्था की गई।

कर्मचारियों ने की 24 घंटे सुरक्षा की मांग

अस्पताल के स्टाफ का कहना है कि आए दिन मरीजों के परिजन और अन्य लोग दुर्व्यवहार करते हैं. ऐसी घटनाओं ने अस्पताल में काम कर रहे कर्मचारियों को मानसिक रूप से परेशान कर दिया है. सभी ने मांग की है कि अस्पताल में 24 घंटे सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए और कड़े नियम बनाए जाएं, ताकि कर्मचारी सुरक्षित माहौल में मरीजों की सेवा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *