Raipur kharora crime news: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे खरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक नाबालिग छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेलदार सिवनी गांव के पास खेत में 16 वर्षीय किशोरी का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका स्थानीय एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। शव के पास ही हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार (चाकू) बरामद हुआ है, जिससे अंदेशा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस हर संभावित एंगल से जांच में जुटी हुई है।
मृतिका के परिवार की पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो उसके पिता और बड़े भाई की अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें हैं, वहीं छोटा भाई कक्षा 8वीं का छात्र है। पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह एक सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
